विशेष नाकाबंदी और चेकिंग के जरिए नशा तस्करों पर पुलिस की पैनी नजर
मोहाली, 31 अक्टूबर 2026: ‘युद्ध नशों के विरुद्ध’ अभियान के तहत मोहाली पुलिस द्वारा नशा तस्करी के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी है। माननीय डीजीपी पंजाब एवं डीआईजी रोपड़ रेंज के दिशा-निर्देशों के तहत एसएसपी मोहाली श्री वरुण शर्मा, आईपीएस द्वारा जिले में नशा तस्करों की सप्लाई चेन तोड़ने के लिए विशेष निर्देश जारी किए गए हैं।
इन निर्देशों की पालना करते हुए आज मोहाली पुलिस द्वारा जिले के विभिन्न संवेदनशील एवं ड्रग हॉटस्पॉट इलाकों में CASO (Cordoning and Search Operation) ऑपरेशन चलाया गया। इस दौरान पुलिस टीमों द्वारा संदिग्ध व्यक्तियों, घरों और आने-जाने वाले वाहनों की गहनता से जांच की गई।
ऑपरेशन के दौरान ड्रग हॉटस्पॉट्स और उनके आसपास के इलाकों में विशेष चेकिंग की गई तथा नशा तस्करी से जुड़ी गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी गई। पुलिस द्वारा स्पष्ट संदेश दिया गया कि नशे की बिक्री, सप्लाई और इससे जुड़ी किसी भी गैरकानूनी गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
एसएसपी मोहाली श्री वरुण शर्मा ने कहा कि नशे की सप्लाई चेन को तोड़ना मोहाली पुलिस की प्रमुख प्राथमिकता है। नशा बेचने, सप्लाई करने और युवाओं को नशे की ओर धकेलने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा तथा ऐसे तत्वों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि मोहाली पुलिस द्वारा ड्रग हॉटस्पॉट्स की लगातार निगरानी, विशेष नाकाबंदी, चेकिंग और CASO ऑपरेशन आगे भी जारी रखे जाएंगे। नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई के साथ-साथ युवाओं को नशे से दूर रखने और नशा मुक्त एवं सुरक्षित समाज के निर्माण के लिए पुलिस द्वारा हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।

