सहारनपुर
दिल्ली-देहरादून नेशनल हाईवे पर आपत्तिजनक नारे लिखकर माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालो को पुलिस ने भेजा सलाखों के पीछे
सहारनपुर जिले के बिहारीगढ़ क्षेत्र में दिल्ली-देहरादून नेशनल हाईवे पर भड़काऊ और आपत्तिजनक शब्द लिखने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो महिलाओं समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने हाईवे पर “यह सड़क मुसलमानों के लिए नहीं” जैसे आपत्तिजनक शब्द लिखकर साम्प्रदायिक माहौल बिगाड़ने की कोशिश की थी। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और बिहारीगढ़ थाना में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई। जांच के दौरान पुलिस ने सबूत जुटाते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुलेखा, शारदा और जितेंद्र राघव के रूप में हुई है। तीनों आरोपी देहरादून के निवासी बताए जा रहे हैं। पुलिस की शुरुआती जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार दोनों महिलाएं हिंदू रक्षा दल से जुड़ी बताई जा रही हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपियों के इस कृत्य से क्षेत्र में साम्प्रदायिक तनाव फैल सकता था, इसलिए मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई की गई।
बिहारीगढ़ थाना पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है और न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में शांति और सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और इस तरह की हरकतें किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाऐगी।
रमेश सैनी सहारनपुर इंडियन टीवी न्यूज़