दुद्धी सोनभद्र।(विवेक सिंह)
दुद्धी उपजिलाधिकारी निखिल यादव ने भारत के राष्ट्रीय खेल हॉकी के विकास और आदिवासी क्षेत्र की प्रतिभाओं को निखारने के लिए सराहनीय कदम उठाया है। मेजर ध्यानचंद वेलफेयर सोसाइटी दुद्धी के अनुरोध पर जिला ओलंपिक संघ व जिला हॉकी संघ द्वारा जिलाधिकारी को भेजे गए पत्र पर संज्ञान लेते हुए उन्होंने हिंडाल्को प्राइवेट लिमिटेड, रेनुकूट के महाप्रबंधक को सीएसआर मद से 6,02,500 रुपये की सहायता के लिए पत्र लिखा है। यह पहल खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स के थीम को साकार करने में मील का पत्थर साबित होगी।
ज्ञात हो कि दुद्धी विधानसभा क्षेत्र-403 अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित है, जहां प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं, लेकिन प्लेटफॉर्म न मिलने से खिलाड़ी आगे नहीं आ पा रहे। हाल ही में 13 जनवरी 2026 को वाराणसी के लालपुर स्टेडियम में उत्तर प्रदेश हॉकी टीम के ट्रायल में खिलाड़ियों के अभाव में बालक-बालिका टीम नहीं बन पाई। इसी कड़ी में जिला ओलंपिक संघ व जिला हॉकी संघ के प्रेरणा में दुद्धी खेल मैदान पर 6 दिवसीय राज्य स्तरीय महिला-पुरुष हॉकी टूर्नामेंट आयोजित हो रहा है।
वर्ष 2030 में भारत में होने वाले कॉमनवेल्थ गेम्स से पहले खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स-2026 के तहत राष्ट्रीय स्तर पर कई खेलों की प्रतियोगिताएं प्रस्तावित हैं। एसडीएम श्री यादव का यह पत्र आदिवासी युवाओं को मुख्यधारा से जोड़ने में सहायक होगा। मेजर ध्यानचंद वेलफेयर सोसाइटी की ओर से उन्हें हार्दिक बधाई दी गई है।