जिला ब्यूरो चीफ जावेद अली टीकमगढ़
टीकमगढ़। कलेक्टर विवेक श्रोत्रिय के निर्देशन में जिले के भीतर ‘संकल्प से समाधान’ अभियान के जरिए वर्षों से लंबित राजस्व प्रकरणों के निराकरण का कार्य युद्ध स्तर पर जारी है, जिसके तहत आज बल्देवगढ़ तहसील में आयोजित विशेष शिविर में राजस्व अभिलेख सुधार के 111 आवेदनों का मौके पर ही निराकरण कर ग्रामीणों को बड़ी राहत दी गई है। जिला प्रशासन की इस अनूठी पहल के अंतर्गत कलेक्टर, एसडीएम और तहसीलदार की अदालतों को एक ही स्थान पर लगाया गया, जिससे पटवारी रिपोर्ट से लेकर अंतिम आदेश तक की पूरी प्रक्रिया एक ही दिन में संपन्न हो गई और 5 साल से भी अधिक पुराने मामलों को तत्काल सुलझाते हुए आवेदकों को आदेश की प्रतियां प्रदान की गईं। इस शिविर में एसडीएम श्रीमती भारती देवी मिश्रा और तहसीलदार डॉ. अनिल गुप्ता की मौजूदगी में ग्राम खरौं, गर्रौली, हटा और गनेशपुरा सहित विभिन्न क्षेत्रों के हितग्राहियों की समस्याओं का समाधान किया गया, जिसके बाद ग्रामीणों ने प्रशासन की इस पारदर्शी कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया है। गौरतलब है कि अब तक मोहनगढ़, दिगौड़ा, लिधौरा और टीकमगढ़ जैसी तहसीलों में आयोजित शिविरों के माध्यम से कुल 572 लंबित प्रकरणों का समाधान किया जा चुका है और कलेक्टर श्री श्रोत्रिय ने आगामी 31 मार्च तक जिले के सभी लंबित राजस्व सुधार प्रकरणों के पूर्ण निराकरण का लक्ष्य निर्धारित किया है ताकि भविष्य में किसानों और ग्रामीणों को सरकारी दफ्तरों के अनावश्यक चक्कर न लगाने पड़ें।