सकीट (एटा)। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सकीट में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की दिशा में काम शुरू हो गया है। सीएचसी कार्यालय के पास 56 लाख रुपये की लागत से बीपीएचयू लैब भवन का निर्माण कराया जा रहा है। इसके लिए नींव की खुदाई का काम पूरा करा दिया गया है। लैब शुरू होने के बाद क्षेत्र के मरीजों को कई जरूरी जांचों की सुविधा स्थानीय स्तर पर मिल सकेगी।
सीएचसी प्रभारी डॉ. शिव कुमार राजपूत के अनुसार, ग्रामीण क्षेत्र के मरीजों को सामान्य जांचों के लिए जिला मुख्यालय या अन्य स्थानों पर न जाना पड़े, इसी उद्देश्य से ब्लड कलेक्शन और जांच यूनिट विकसित की जा रही है। भवन निर्माण पूरा होने के बाद यहां ब्लड से संबंधित 73 प्रकार की जांचें की जा सकेंगी।
एक ही जगह होंगी कई जरूरी जांचें
प्रस्तावित लैब में हीमोग्लोबिन, ब्लड शुगर, थायराइड, डेंगू, मलेरिया, टाइफाइड और सीबीसी के अलावा किडनी व लीवर फंक्शन से जुड़ी जांचों की सुविधा उपलब्ध होगी। वर्तमान में सीएचसी पर जांच के सीमित विकल्प होने के कारण मरीजों को कई परीक्षणों के लिए एटा मेडिकल कॉलेज या निजी लैब का सहारा लेना पड़ता है।
समय और पैसे दोनों की होगी बचत
नई लैब शुरू होने से सकीट और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के मरीजों को राहत मिलने की उम्मीद है। स्थानीय स्तर पर जांच की सुविधा उपलब्ध होने से मरीजों का आवागमन कम होगा और निजी लैब पर निर्भरता भी घट सकती है। इससे समय पर जांच कराने और इलाज की प्रक्रिया आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी।
