दुद्धी (सोनभद्र)। बभनी थाना क्षेत्र के सागोबांध गांव में विश्वनाथ प्रजापति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उनकी मौत के बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। सूचना मिलने पर बभनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के मुताबिक, विश्वनाथ प्रजापति पुत्र स्वर्गीय इनर्मन प्रजापति का परिवार में किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। बीती रात्रि वह खाना खाकर सो गए। सुबह काफी देर तक नहीं उठने और दरवाजा नहीं खुलने पर परिजनों ने उन्हें जगाने की कोशिश की। अंदर जाकर देखने पर उनकी मौत हो चुकी थी। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों के अनुसार विश्वनाथ और उनके छोटे बेटे के बीच विवाद होने की बात सामने आई है। हालांकि, मौत के कारणों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
बभनी थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हत्या की आशंका को देखते हुए पुलिस ने छोटे बेटे समेत कुछ अन्य लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।