जिला ब्यूरो चीफ जावेद अली टीकमगढ़
टीकमगढ़। परंपरागत कृषि विकास योजना के अंतर्गत आज स्थानीय कृषि विज्ञान केंद्र में एक दिवसीय जिला स्तरीय कार्यशाला का गरिमामय आयोजन किया गया, जिसमें जिले भर से आए लगभग 200 महिला और पुरुष कृषकों ने सहभागिता कर आधुनिक व जैविक खेती के गुर सीखे। कार्यक्रम का शुभारंभ विभागीय अधिकारियों की उपस्थिति में कृषकों के पंजीयन के साथ हुआ, जिसके उपरांत पतंजलि रिसर्च ऑर्गेनिक हरिद्वार के ब्लॉक समन्वयक मुन्नी लाल यादव ने क्लस्टर वार प्रगति और जिले में किए गए कार्यों का विस्तृत प्रेजेंटेशन प्रस्तुत किया। कार्यशाला में दिव्य योग मंदिर ट्रस्ट के भुवनेश्वर राय ने जैविक पंजीयन व मार्केटिंग की बारीकियां समझाईं, तो वहीं साजन संस्था के प्रोजेक्ट मैनेजर दिलीप शाक्य ने प्राकृतिक खेती पर विशेष जोर दिया। इस दौरान कृषि वैज्ञानिकों डॉ. डीएस जाटव और डॉ. आरके प्रजापति ने बायो फोर्टीफाइड किस्मों और प्राकृतिक खेती के वैज्ञानिक पहलुओं से किसानों को अवगत कराया, साथ ही सहायक संचालक कृषि दिनेश कुमार जाटव ने भी महत्वपूर्ण मार्गदर्शन दिया। कार्यक्रम के मुख्य आकर्षण के रूप में उपस्थित किसानों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किसान सम्मान निधि की 22वीं किस्त हस्तांतरण के सीधे प्रसारण को देखा। इस अवसर पर अतिथि के रूप में विकास यादव, प्रजातंत्र गंगेले और जिला प्रशासन की ओर से अधीक्षक भू-अभिलेख झामसिंह मौजूद रहे, जिन्होंने कृषकों को संबोधित कर प्रोत्साहित किया। पूरे कार्यक्रम का सफल संचालन कृषि विस्तार अधिकारी केपी अहिरवार द्वारा किया गया।