उरई(जालौन):
उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आयोजित उप निरीक्षक नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों की सीधी भर्ती परीक्षा का प्रथम दिवस जनपद में शांतिपूर्ण, नकल विहीन एवं सुव्यवस्थित ढंग से सकुशल संपन्न हुआ। परीक्षा की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय व पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार ने प्रथम एवं द्वितीय पाली में विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान आचार्य नरेंद्र देव इंटर कॉलेज, सर्वोदय इंटर कॉलेज, आर्य कन्या इंटर कॉलेज, डी० ए०वी० कॉलेज, गांधी इंटर कॉलेज, दयानंद वैदिक कॉलेज, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, राजकीय इंटर कॉलेज तथा सनातन धर्म इंटर कॉलेज में बनाए गए परीक्षा केंद्रों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया। इस दौरान परीक्षा कक्षों, प्रवेश द्वारों तथा कंट्रोल रूम की व्यवस्थाओं को देखा गया और सुरक्षा एवं निगरानी व्यवस्था की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने केंद्रों पर स्थापित कमांड कंट्रोल रूम का निरीक्षण करते हुए सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता की जांच की तथा निर्देश दिए कि परीक्षा कक्षों एवं परिसर की गतिविधियों की निरंतर निगरानी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि परीक्षा की निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। साथ ही परीक्षार्थियों के लिए पेयजल, स्वच्छ शौचालय, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था एवं साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार ने परीक्षा केंद्रों पर तैनात पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह सतर्क एवं प्रभावी रखी जाए, ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हो सके। प्रथम दिवस प्रथम पाली में 2400 के सापेक्ष 1677 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी, जबकि 723 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। वहीं द्वितीय पाली में 2400 के सापेक्ष 1673 अभ्यर्थियों ने परीक्षा में भाग लिया तथा 727 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आयोजित यह परीक्षा 14 एवं 15 मार्च 2026 को प्रतिदिन दो पालियों में आयोजित की जा रही है। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि परीक्षा को नकल विहीन, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के लिए पूरी जिम्मेदारी एवं सतर्कता के साथ कार्य किया जाए।
(अनिल कुमार ओझा ब्यूरो प्रमुख उरई-जालौन) उत्तर प्रदेश