दुद्धी सोनभद्र(विवेक सिंह)।
कोतवाली क्षेत्र के जपला गांव में रविवार दोपहर दो बजे दल्लू यादव के घर के पास कार और बाइक की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार दो ग्रामीण घायल हो गए, जिनमें एक की हालत नाजुक बनी हुई है।
रन्नू गांव के निवासी जिंदलाल (20) पुत्र स्व. रन्नू और जयमूरत स्व. बिरझन सिंह निवासी रन्नू, बाइक पर दुद्धी की ओर जा रहे थे। तभी सामने से आ रही कार से उनकी बाइक की जबरदस्त भिड़ंत हो गई। कार चालक दुद्धी से जपला गांव की ओर आ रहा था। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए।
घटना की तेज आवाज सुनकर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। उन्होंने तत्काल 108 एंबुलेंस और पुलिस को सूचना दी। एंबुलेंस से दोनों घायलों को सीएचसी दुद्धी ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने जिंदलाल के सिर पर गंभीर चोट देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल लोढ़ी रेफर कर दिया। जयमूरत का इलाज सीएचसी में जारी है।
प्रधान प्रतिनिधि लक्षनधारी ने बताया कि घायल जयमूरत मेरा छोटा भाई है। वे पड़ोसी जिंदलाल के साथ बाइक पर दुद्धी किसी काम से आ रहे थे। हादसे की सूचना ग्रामीणों से मिली, तब हम अस्पताल पहुंचे। घटना के समय हम दुद्धी में थे। उन्होंने कहा कि पुलिस ने टक्कर मारने वाली कार को कब्जे में ले लिया है और जांच शुरू कर दी है।