राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी – जिले में घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडरों के अवैध भंडारण और कालाबाजारी पर अंकुश लगाने के लिए कलेक्टर श्री आशीष तिवारी के निर्देश पर एसडीएम, तहसीलदार एवं कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारियों के संयुक्त जांच दल द्वारा लगातार कार्यवाही की जा रही है। जिले भर में गैस एजेंसियों के संचालकों, विक्रेताओं और गोदामों का औचक निरीक्षण कर स्टॉक की उपलब्धता व वितरण की स्थिति देखी जा रही है।
जिला आपूर्ति अधिकारी सज्जन सिंह परिहार ने बताया कि विजयराघवगढ़ एसडीएम एवं कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी द्वारा श्री साईं भारत गैस एजेंसी का निरीक्षण कर स्टॉक का भौतिक सत्यापन किया। साथ ही उपभोक्ताओं की ई-केवाईस और पोर्टल बुकिंग प्रक्रिया का अवलोकन किया। इसी प्रकार कैमोर स्थित गोल्डी गैस एजेंसी की भी जांच की गई। इसके पूर्व एसडीएम कार्यालय में विजयराघवगढ़ और बरही के सभी गैस एजेंसी संचालकों की बैठक लेकर उपभोक्ताओं की समस्याओं के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए गए।
इसी प्रकार तहसील बरही अंतर्गत थाना प्रभारी और सीएमओ की संयुक्त टीम ने अपूर्व एचपी गैस एजेंसी की जांच की। यहाँ संधारित स्टॉक का विवरण सही पाया गया, हालांकि गैस की मांग सामान्य से दोगुनी दर्ज की गई है, जिसे सुचारू रूप से पूरा किया जा रहा है। वहीं हदरहटा में शांति भारत ग्रामीण वितरक गैस एजेंसी की जांच की गई।
एसडीएम बहोरीबंद एवं जिला आपूर्ति अधिकारी के संयुक्त दल द्वारा स्लीमनाबाद स्थित शुभ भारत गैस एजेंसी एवं बहोरीबंद स्थित सत्य साईं गैस एजेंसी के गोदाम का निरीक्षण कर हितग्राहियों से चर्चा की गई। गैस एजेंसी संचालक द्वारा अवगत कराया गया कि वर्तमान में औसत बुकिंग संख्या में वृद्धि हुई है और केवाईसी कराने हेतु अधिक संख्या में लोग आ रहे हैं। मौके पर उपभोक्ताओं द्वारा बताया कि ऑनलाइन बुकिंग हेतु सर्वर की क्षमता में वृद्धि की आवश्कता है।
इसके अलावा रीठी में भारत गैस एजेंसी, विलायतकला गैस एजेंसी, बाकल में समर्थ सेवा गैस एजेंसी, सिंलोड़ी में इण्डेन गैस एजेंसी, बड़वारा कला में इण्डेन वितरक, मझगवां बड़वारा में एचपी गैस एजेंसी और पहाड़ी में चतुर्वेदी गैस एजेंसी की भी जांच की गई।
पेयजल आपूर्ति की भी हुई समीक्षा
विजयराघवगढ़ में पेयजल संकट को देखते हुए एसडीएम विजयराघवगढ़ द्वारा पीएचई विभाग, जनपद सीईओ और तहसीलदारों के साथ विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। साथ ही संसाधनों के बेहतर उपयोग के लिए कंट्रोल रूम स्थापित करने के निर्देश दिए। ताकि गर्मी के मौसम में आमजन को पानी की किल्लत न हो।।