उत्तर प्रदेश के बांदा जनपद में 18 मार्च, 2026 को बांदा जनपद के थाना अतर्रा पुलिस ने एक सराहनीय कार्य करते हुए पुलिस अभिरक्षा से फरार हुए अभियुक्त को मात्र 48 घंटों के भीतर पुनः गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधीक्षक बांदा, श्री पलाश बंसल के निर्देशन में अपराधियों के विरुद्ध चलाये जा रहे अभियान के तहत यह सफलता प्राप्त हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 16 मार्च 2026 को चोरी के एक मामले में निरुद्ध अभियुक्त चुन्नू उर्फ पंकज को माननीय न्यायालय अतर्रा में पेशी के लिए लाया गया था। पेशी के दौरान अभियुक्त ने बाथरूम जाने का बहाना बनाया और पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। इस घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और तत्काल अभियुक्त के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी गई।
अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई थीं। लगातार दबिश और कड़ी घेराबंदी के परिणामस्वरूप, आज 18 मार्च 2026 को अतर्रा पुलिस ने अभियुक्त को कड़ियानाका बीरजा पुरवा (थाना फतेहगंज) क्षेत्र से धर दबोचा।
पुलिस ने बताया कि अभियुक्त के विरुद्ध थाना अतर्रा में चोरी और पुलिस अभिरक्षा से भागने के संबंध में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमे पंजीकृत हैं।
लापरवाही पर विभागीय कार्रवाई
क्षेत्राधिकारी अतर्रा, प्रवीण कुमार ने बताया कि अभियुक्त के भागने की घटना को गंभीरता से लेते हुए, ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों की लापरवाही की भी जांच की जा रही है। उनके विरुद्ध विभागीय कार्यवाही शुरू कर दी गई है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
गिरफ्तार अभियुक्त का विवरण:
नाम: चुन्नू उर्फ पंकज पुत्र रामनाथ
निवासी: गांधी नगर, कस्बा व थाना अतर्रा, जनपद बांदा।
इस सफल ऑपरेशन में थानाध्यक्ष अतर्रा संजीव कुमार चौबे, उप-निरीक्षक सुरेन्द्र प्रताप सिंह, हेड कांस्टेबल रोहित कुमार और
उनकी टीम (रविन्द्र श्रीवास, आदर्श तिवारी, अजय प्रजापति, आकाश कुमार, राहुल साहू, श्रवण कुमार) की मुख्य भूमिका रही।
ब्यूरो चीफ ताहिर अली बांदा से