सहारनपुर
श्रद्धालुओं की सुविधा का रखा जा रहा विशेष ध्यान, थाना प्रभारी ने श्रद्धालुओं को कराया जलपान—सकुशल दर्शन कराने में जुटी पुलिस टीम सिद्ध पीठ मां शाकंभरी देवी में चल रहे झंडा मेले को दृष्टिगत रखते हुए श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को लेकर मिर्जापुर पुलिस पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रही है। आज थाना प्रभारी मिर्जापुर विनोद कुमार लगातार मेला क्षेत्र में भ्रमणशील रहे और पुलिस टीम के साथ व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए श्रद्धालुओं को सकुशल दर्शन कराने में जुटे रहे।मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने के मद्देनजर पुलिस द्वारा भीड़भाड़ वाले स्थानों, मंदिर परिसर के आसपास तथा आवागमन वाले मार्गों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। थाना प्रभारी स्वयं मौके पर मौजूद रहकर पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते रहे, ताकि श्रद्धालुओं को दर्शन के दौरान किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।पुलिस की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा का भी विशेष ध्यान रखा जा रहा है। इसी क्रम में थाना प्रभारी विनोद कुमार द्वारा श्रद्धालुओं को जलपान कराया गया। पुलिस के इस मानवीय प्रयास की श्रद्धालुओं द्वारा सराहना की गई।थाना प्रभारी ने पुलिसकर्मियों को मेले में आने वाले श्रद्धालुओं के साथ विनम्र व्यवहार करने, भीड़ को व्यवस्थित रखने और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।मेले के दौरान पुलिस की लगातार मौजूदगी और भ्रमणशील व्यवस्था से श्रद्धालुओं में सुरक्षा का भाव बना हुआ है। थाना मिर्जापुर पुलिस द्वारा मेले की व्यवस्थाओं पर लगातार निगरानी रखते हुए श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं सुगम दर्शन कराने का प्रयास किया जा रहा है।
रमेश सैनी सहारनपुर इंडियन टीवी न्यूज़