फतेहगंज पश्चिमी। शनिवार को हाइवे स्थित राधा कृष्ण मंदिर चौराहे पर अलग-अलग समय पर हुए दो सड़क हादसों में चार लोग घायल हो गए। इनमें से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से अस्पताल भिजवाया।
जानकारी के अनुसार थाना सिरौली क्षेत्र के गांव धनीपुर निवासी सूरज कुमार और धर्मजीत बाइक से बरेली से लौट रहे थे। उनके आगे चल रही एक कार जैसे ही राधा कृष्ण मंदिर कट से कस्बे की ओर मुड़ी, पीछे से आ रही बाइक कार में साइड से जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद कार चालक मौके से भागने लगा, लेकिन राहगीरों की सतर्कता से उसे पकड़ लिया गया। पकड़ा गया चालक कस्बा व थाना शाही क्षेत्र का निवासी सचिन कौशिक बताया जा रहा है, जिसे कार समेत पुलिस के हवाले कर दिया गया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल भेजा। घायलों में सूरज कुमार की हालत नाजुक बताई जा रही है।
थाना प्रभारी प्रयागराज सिंह ने बताया कि सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया गया है तथा कार को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
प्रवन पाण्डेय ITN National जिला संवाददाता बरेली