फतेहगंज पश्चिमी। कस्बे के मुख्य बाजार स्थित ठाकुर द्वारा मंदिर की दुकानों पर कथित अवैध कब्जे के मामले में प्रशासनिक सुस्ती से आहत मंदिर कमेटी अब मुख्यमंत्री से मिलकर कार्रवाई की मांग करेगी। शिकायत के दो महीने बाद भी न तो शासन को जांच रिपोर्ट भेजी गई है और न ही स्थानीय स्तर पर कोई ठोस कदम उठाया गया है।
जानकारी के मुताबिक सनातन धर्म वैश्य सभा ठाकुर द्वारा मंदिर सोसाइटी के अध्यक्ष नीरज गोयल और महामंत्री राजकपूर गुप्ता ने 12 जनवरी 2026 को अपर मुख्य सचिव संजय प्रसाद से मिलकर मंदिर की जर्जर दुकानों पर किरायेदारों द्वारा कब्जा करने और किराया न देने की शिकायत की थी। साथ ही इन दुकानों के ध्वस्तीकरण की मांग भी उठाई गई थी।
इस पर उप सचिव सत्येंद्र प्रताप सिंह ने जिलाधिकारी बरेली को पत्र जारी कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए थे। बावजूद इसके लंबे समय तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। बाद में शिकायतकर्ता की पहल पर प्रदेश सरकार के एक मंत्री द्वारा डीएम बरेली को पत्र भेजे जाने के बाद तहसील स्तर से एक टीम ने मौके पर जांच की, लेकिन अब तक न तो रिपोर्ट शासन को भेजी गई है और न ही कब्जाधारियों के खिलाफ कोई कार्रवाई की गई है।
मंदिर कमेटी का आरोप है कि प्रशासनिक ढिलाई के चलते कब्जाधारियों के हौसले बुलंद हैं। कमेटी अध्यक्ष नीरज गोयल ने बताया कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो दो दिन बाद कमेटी के सदस्य लखनऊ जाकर मुख्यमंत्री से मिलेंगे और न्याय की गुहार लगाएंगे।
वहीं, तहसीलदार के निर्देश पर जांच करने पहुंचे लेखपाल आदित्य कुमार ने बताया कि शिकायत हाल ही में प्राप्त हुई है और मामला किराए को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद का है। उन्होंने बताया कि आरोपी पक्ष एडीएम नगर की अदालत में पहुंच चुका है, जिसके चलते किराया भुगतान रुका हुआ है। जांच रिपोर्ट दो दिन में उच्चाधिकारियों को भेज दी जाएगी।
प्रवन पाण्डेय ITN National जिला संवाददाता बरेली