फतेहगंज पश्चिमी, बरेली। कस्बे के परचूनी बाजार में मंगलवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब फूड इंस्पेक्टर की टीम ने अचानक छापेमारी कर दी। बिना पूर्व सूचना के हुई इस कार्रवाई से पूरे बाजार में हड़कंप मच गया और कई दुकानदार आनन-फानन में दुकानें बंद कर मौके से निकल गए।
फूड विभाग की टीम ने अलग-अलग दुकानों पर पहुंचकर खाद्यान्न सामग्री की गहन जांच की। इस दौरान कई दुकानों में अनियमितताएं मिलने की बात सामने आई, जिस पर टीम ने संबंधित दुकानदारों के चालान काटे। अधिकारियों की सख्ती देख बाजार में कुछ देर के लिए सन्नाटा छा गया।
छापेमारी की सूचना फैलते ही छोटे-बड़े व्यापारी सतर्क हो गए। कई दुकानदारों ने अपनी दुकानें बंद कर दीं, जिससे बाजार में भगदड़ जैसे हालात बन गए। स्थानीय लोगों में भी कार्रवाई को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं।
कार्रवाई के दौरान एक दुकानदार और फूड इंस्पेक्टर के बीच तीखी नोकझोंक भी हो गई। विवाद इतना बढ़ा कि मौके पर मौजूद लोगों को बीच-बचाव करना पड़ा। दुकानदार ने आरोप लगाया कि फूड इंस्पेक्टर हर बार उसकी ही दुकान को निशाना बनाते हैं, जबकि अन्य दुकानों की अनदेखी की जाती है। उसने चुनौती देते हुए कहा कि यदि निष्पक्षता है तो सभी दुकानों के सैंपल लेकर जांच कराई जाए।
इस अचानक हुई कार्रवाई को लेकर स्थानीय व्यापारियों में नाराज़गी भी देखने को मिली। कई व्यापारियों का कहना है कि बिना किसी पूर्व सूचना के इस तरह की छापेमारी से व्यापार प्रभावित होता है और यह उत्पीड़न जैसा प्रतीत होता है।
सूत्रों के अनुसार, फूड विभाग आने वाले दिनों में भी इसी तरह की कार्रवाई जारी रख सकता है। फिलहाल कस्बे में इस छापेमारी की चर्चा जोरों पर है और व्यापारियों में दहशत का माहौल बना हुआ है।
प्रवन पाण्डेय ITN National जिला संवाददाता बरेली