सहारनपुर
जनपद में अपराध नियंत्रण और अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना बेहट पुलिस ने एक संगठित वाहन चोर गिरोह को बेनकाब करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने गिरोह के चार शातिर सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की 11 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं।जानकारी के अनुसार, थाना प्रभारी सतपाल सिंह भाटी के नेतृत्व में पुलिस टीम गांगरोह नहर पुल के पास संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर चार संदिग्धों को दबोच लिया। सघन पूछताछ और आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने छिपाकर रखी गई चोरी की 11 बाइकें बरामद कीं।पुलिस अधीक्षक ग्रामीण सागर जैन ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि पकड़े गए आरोपी पेशेवर और शातिर किस्म के वाहन चोर हैं। यह गिरोह काफी समय से सहारनपुर नगर, बेहट और आसपास के क्षेत्रों में सक्रिय था।आरोपी भीड़भाड़ वाले इलाकों और सुनसान स्थानों से मास्टर की!!की मदद से बाइक चोरी करते थे और फिर उन्हें कम दामों पर ग्रामीण क्षेत्रों या अन्य जनपदों में बेच देते थे।गिरफ्तार चारो आरोपियों के खिलाफ पहले से ही थाना बेहट और कोतवाली नगर सहित विभिन्न थानों में चोरी और अन्य आपराधिक धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं।पुलिस ने बरामद की गई 11 मोटरसाइकिलों में से कई को पुराने दर्ज मुकदमों से लिंक कर लिया है, जबकि शेष वाहनों के आधार पर नया मामला पंजीकृत किया गया है।इस बड़ी सफलता पर पुलिस विभाग के उच्चाधिकारियों ने थाना प्रभारी सतपाल सिंह भाटी और उनकी टीम की पीठ थपथपाई है। पुलिस ने सभी चारों अभियुक्तों को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश कर जेल भेज दिया है। पुलिस अब इस गिरोह से जुड़े अन्य संभावित सदस्यों और चोरी के वाहनों को खरीदने वाले नेटवर्क की तलाश कर रही है।
रमेश सैनी सहारनपुर इंडियन टीवी न्यूज़