सहारनपुर सरसावा
सहारनपुर- थाना सरसावा पुलिस ने टोल प्लाजा से अवैध वसूली के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए किसान संगठन से जुड़े 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 10,000 रुपये नकद भी बरामद किए हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार, सरसावा टोल प्लाजा के मैनेजर शोएब पुत्र आरिफ निवासी ग्राम बधुपुरा, थाना कैराना, जिला शामली की ओर से दी गई लिखित तहरीर में आरोप लगाया गया था कि कुछ व्यक्तियों द्वारा टोल प्लाजा कार्यालय में घुसकर जबरन अपनी गाड़ियों को टोल फ्री कराने का दबाव बनाया गया। साथ ही जान से मारने की धमकी देते हुए 10 हजार रुपये की हफ्ता वसूली की मांग की गई। आरोप है कि उक्त व्यक्तियों ने गाली-गलौज करते हुए अपनी गाड़ियों को सड़क पर खड़ा कर मार्ग अवरुद्ध कर दिया, जिससे आवागमन बाधित हुआ और लोगों में भय का माहौल उत्पन्न हो गया। इस संबंध में थाना सरसावा में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण व क्षेत्राधिकारी नकुड़ के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी प्रवेश कुमार शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पांचों वांछित आरोपियों को सरसावा टोल प्लाजा क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में अरविन्द पंवार निवासी सढोली हरिया, सुमित पंवार निवासी जन्धेडा समसपुर, जयवीर निवासी नौरंगपुर, निक्कू निवासी सुसाड़ा (हरिद्वार) तथा योगेन्द्र पंवार निवासी भांकला शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई कर उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
रमेश सैनी सहारनपुर इंडियन टीवी न्यूज़