फतेहगंज पश्चिमी (बरेली)। बरेली मंडल आयुक्त के निर्देश पर सोमवार को सहायक चकबंदी अधिकारी के नेतृत्व में चकबंदी टीम गांव रहपुरा जागीर पहुंची, जहां ग्रामीणों द्वारा की गई शिकायतों के निस्तारण की कार्रवाई की गई। हालांकि दिनभर की कवायद के बाद भी ग्रामीण समाधान से संतुष्ट नजर नहीं आए।
बताया जाता है कि गांव रहपुरा जागीर के तीरथराम, शिवराज, सर्वेश, कृष्णपाल, छेदा लाल, अनुपाल, लालमन, सुरेश कश्यप, जगपाल, नरेश कुमार समेत अन्य ग्रामीणों ने मंडल आयुक्त से मिलकर चकबंदी के दौरान चकमार्ग न बनाए जाने की शिकायत की थी। वहीं गांव बल्ला कोठा के कृष्णपाल, वीरेंद्र व छोटेलाल ने चक पूर्ण न होने की समस्या उठाई थी।
मामले को गंभीरता से लेते हुए आयुक्त ने चकबंदी विभाग को समस्याओं के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए थे। इसी क्रम में सोमवार दोपहर सहायक चकबंदी अधिकारी शिल्पी ब्रह्मवात के नेतृत्व में टीम गांव पहुंची। उनके साथ लेखपाल कमल सागर और लिपिक अभिषेक कुमार भी मौजूद रहे।
टीम ने पंचायत घर में शिकायतकर्ताओं को बुलाकर उनकी समस्याएं सुनीं और मौके पर पैमाइश के लिए कर्मचारियों को भेजा। हालांकि शाम तक सभी शिकायतों का समाधान नहीं हो सका, जिससे ग्रामीणों में असंतोष बना रहा।
सहायक चकबंदी अधिकारी शिल्पी ब्रह्मवात ने बताया कि गांव में कई जटिल समस्याएं हैं, जिनका एक दिन में समाधान संभव नहीं है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही दोबारा टीम भेजकर सभी शिकायतों का निस्तारण कराया जाएगा।
प्रवन पाण्डेय ITN National जिला संवाददाता बरेली