दुद्धी सोनभद्र ।(विवेक सिंह)
विंढमगंज थाना क्षेत्र के बोम गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। पांच वर्षीय दिव्यांग बच्ची चांदनी पुत्री राजेश ने खेलते-खेलते थिनर की बोतल पी ली, जिससे उसके परिजनों में हड़कंप मच गया।
घटना बृहस्पतिवार शाम साढ़े 6 बजे हुई, जब घर में खिड़की के कलर का काम चल रहा था। चांदनी अपने तीन वर्षीय छोटे भाई अमन के साथ खेल रही थी। इसी दौरान अमन ने कुर्सी पर चढ़कर ताखे से थिनर की आधा लीटर की बोतल उतार ली। एक पड़ोसी के घर आने पर चांदनी के मुंह में बोतल देख पिता राजेश को सूचना दी।
पिता राजेश ने बताया कि बोतल में मात्र 100 ग्राम थिनर बचा था और कुछ जमीन पर भी गिरा हुआ था। बच्ची के थिनर पीने के आशंका पर उसे निजी साधन से सीएचसी दुद्धी पहुंचाया गया।जहां चिकित्सक डॉ. मनोहर ने चांदनी को अपनी निगरानी में रख लिया है।
डॉ. मनोहर ने बताया कि यहां सुविधाओं की कमी के कारण जांच में दिक्कत हो रही है। अभी तक कोई गंभीर लक्षण नहीं दिखे हैं, लेकिन परिजनों को सांस लेने या किसी प्रकार की परेशानी होने पर तुरंत सूचना देने को कहा गया है।
राजेश ने बताया कि चांदनी उनके पांच बच्चों में चौथी संतान है और दोनों पैरों से दिव्यांग है। फिलहाल अस्पताल में माता-पिता की धड़कनें तेज हैं।