दुद्धी सोनभद्र।(विवेक सिंह)
म्योरपुर थाना क्षेत्र व लीलासी चौके क्षेत्र अंतर्गत के चांगा गांव में गुरुवार की सुबह एक महिला का शव पेड़ से लटका मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए दुद्धी भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार चांगा निवासी 55 शिवकुमारी 55 पत्नी उदल भारती का शव गांव से लगभग 300 मीटर दूर एक करम के पेड़ पर साड़ी के सहारे लटका हुआ पाया गया। गुरुवार सुबह करीब 9 बजे गांव का एक चरवाहा वहीं नदी पर अपने पशुओं को पानी पिला रहा था, तभी उसकी नजर पेड़ से लटके शव पर पड़ी। उसने तत्काल ग्रामीणों और मृतका के परिजनों को सूचना दी।
परिजनों से सूचना पाकर पहुंचे प्रधान राम प्यारे ने पुलिस को सूचना दी। सूचना पर लिलासी चौकी इंचार्ज मनोज सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया ।
पुलिस ने मौके पर आवश्यक साक्ष्य संकलित कर पंचनामा की औपचारिकता पूरी की और शव को पोस्टमार्टम के लिए दुद्धी भेज दिया। पुलिस के अनुसार घटना के कारणों की जांच की जा रही है। मृतका के दो पुत्र और चार पुत्रियां हैं, सभी विवाहित हैं।दोनों पुत्र हैदराबाद में काम के सिलसिले में रहे है ।पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।