राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी। जिले में गिरते भूजल स्तर को देखते हुए नलकूप खनन पर लगाए गए प्रतिबंध के बावजूद अवैध बोरिंग का मामला सामने आया है। इस पर निवार पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए कार्रवाई कर रोटरी बोर मशीन जब्त की और आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है।
पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन तथा थाना प्रभारी माधवनगर संजय दुबे के मार्गदर्शन में चौकी प्रभारी निवार अंजनी मिश्रा की टीम ने ग्राम पहाड़ी निवार में दबिश दी। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बिना अनुमति के नलकूप खनन करते हुए रोटरी बोर मशीन (ट्रैक्टर महिंद्रा, लाल रंग, क्रमांक एमपी 21 एए 2622) को पकड़ लिया।
जांच में सामने आया कि आरोपी रणजीत मौर्य उर्फ पिंटू अपनी निजी भूमि पर अवैध बोरिंग करवा रहा था, जिसके लिए वाहन चालक मनीष पाठक को लगाया गया था।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 223, 3(5) तथा मध्यप्रदेश पेयजल परीक्षण अधिनियम 1986 की धारा 9 के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
कार्रवाई में चौकी प्रभारी अंजनी मिश्रा, उप निरीक्षक कमलेश्वर शुक्ला, प्रधान आरक्षक गौरव सेन, देवेश कुमार, आरक्षक अरविंद और वकील यादव की अहम भूमिका रही।