राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी। नगर निगम क्षेत्र में अवैध प्लाटिंग के खिलाफ निगम प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई की। निगम अमले ने शहर के दो स्थानों—ट्रांसपोर्ट नगर एवं साईं मंदिर के पीछे—चल रही अवैध प्लाटिंग पर जेसीबी मशीन चलाकर निर्माण कार्यों को ध्वस्त कर दिया।
कार्रवाई के दौरान अतिक्रमण प्रभारी मानेंद्र सिंह, कॉलोनी सेल एवं अतिक्रमण अमला मौके पर मौजूद रहा। कॉलोनी सेल अधिकारी एवं कार्यपालन यंत्री अंशुमान सिंह ने बताया कि निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। टीम ने बिना अनुमति विकसित किए जा रहे प्लॉटों को चिन्हित कर मौके पर ही अवैध संरचनाओं को हटाया।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बिना वैध स्वीकृति के प्लाटिंग करना नियमों के विरुद्ध है और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। संबंधित भू-मालिकों को पूर्व में नोटिस जारी किए गए थे, लेकिन संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर यह कदम उठाया गया।
निगम प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्लॉट या भूमि की खरीद-फरोख्त से पहले उसकी वैधता की जांच अवश्य करें, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की परेशानी से बचा जा सके। साथ ही चेतावनी दी गई है कि शहर में अवैध प्लाटिंग के विरुद्ध अभियान निरंतर जारी रहेगा।