राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी। जिले के स्कूलों में अब विद्यार्थियों के आधार कार्ड बनाने और अपडेट करने की सुविधा सीधे परिसर में ही उपलब्ध कराई जाएगी। कलेक्टर श्री आशीष तिवारी के निर्देश पर 6 अप्रैल से 22 अप्रैल के बीच विकासखंडवार चिन्हित स्कूलों में आधार कैंप आयोजित किए जाएंगे।
इन कैंपों में विद्यार्थियों के अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट (एमबीयू) के साथ-साथ अन्य योजनाओं के ऐसे लाभार्थियों का भी आधार अपडेट किया जाएगा, जिनका मोबाइल नंबर आधार से लिंक न होने के कारण ई-केवाईसी लंबित है। इस कार्य की जिम्मेदारी रोजगार सहायक, पंचायत सचिव और पटवारी को सौंपी गई है। UIDAI द्वारा निर्धारित शुल्क भी लिया जाएगा।
स्कूलों के प्राचार्यों को निर्देश दिए गए हैं कि वे यूडीआईएसई-प्लस पोर्टल के माध्यम से एमबीयू लंबित विद्यार्थियों की सूची अपडेट करें और उन्हें कैंप में उपस्थित होने के लिए प्रेरित करें।
कलेक्टर की इस पहल का मुख्य उद्देश्य 5 और 15 वर्ष की आयु पर अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट सुनिश्चित करना है। 15 से 17 वर्ष की आयु के बीच यह अपडेट निःशुल्क रहेगा, जबकि इसके बाद शुल्क लागू होगा।
अपडेटेड आधार कार्ड स्कूल प्रवेश, प्रतियोगी परीक्षाओं, छात्रवृत्ति और डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के लिए अनिवार्य है। साथ ही, अपार आईडी (APAAR ID) बनाने के लिए भी आधार में सही और अपडेटेड जानकारी होना जरूरी है, जिससे विद्यार्थियों के शैक्षणिक रिकॉर्ड डिजिटल रूप से सुरक्षित रह सकें।