राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी। ऑपरेशन मुस्कान के तहत ढीमरखेड़ा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अपहृत नाबालिग बालिका को सकुशल बरामद कर लिया है। साथ ही घटना में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें एक बाल अपचारी भी शामिल है।
जानकारी के अनुसार 3 अप्रैल की रात करीब 2:30 बजे परिजन ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई कि उनकी बेटी रामलीला देखने के बहाने घर से निकली थी, जिसके बाद वह वापस नहीं लौटी। पुलिस ने मामला दर्ज कर तत्काल टीम गठित की और नाकाबंदी करते हुए तलाश शुरू की।
जांच के दौरान पता चला कि आरोपी काली बोलेरो वाहन से बालिका को बहला-फुसलाकर ले गए थे। पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए बालिका को सुरक्षित बरामद कर लिया और वाहन सहित आरोपियों को पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में राज बागरी (20) निवासी महुदा, विनय बागरी (20) निवासी नागौद तथा एक बाल अपचारी शामिल है। आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां दो को जेल भेजा गया जबकि बाल अपचारी को बाल सुधार गृह भेजा गया।
पूरी कार्रवाई थाना प्रभारी अभिषेक चौबे के नेतृत्व में पुलिस टीम और साइबर सेल के सहयोग से सफलतापूर्वक संपन्न हुई।