राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी। शहर के बालाजी नगर क्षेत्र में हाल ही में निर्मित नाले में आ रही तकनीकी खामियों और जल निकासी की समस्या को लेकर महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी ने त्वरित संज्ञान लेते हुए रविवार को स्वयं मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। उनके साथ एमआईसी सदस्य, संबंधित अधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
निरीक्षण के दौरान क्षेत्रीय नागरिकों ने महापौर को नाले के निर्माण में हुई अनियमितताओं से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि नाले में जगह-जगह ऊंच-नीच (अप-डाउन) होने के कारण पानी का प्रवाह बाधित हो रहा है, जिससे जलभराव की स्थिति बन रही है और आसपास के लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
महापौर श्रीमती सूरी ने शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए पूरे क्षेत्र का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने नाले की ढाल (स्लोप) एवं जल प्रवाह की स्थिति की जांच करते हुए संबंधित ठेकेदार और अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए कि सभी खामियों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र दुरुस्त किया जाए और जल निकासी को सुचारू बनाया जाए।
महापौर ने स्पष्ट कहा कि नगर निगम का उद्देश्य केवल निर्माण कार्य पूर्ण करना नहीं, बल्कि नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण और सुविधाजनक मूलभूत सेवाएं उपलब्ध कराना है। इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान मेयर इन काउंसिल सदस्य डॉ. रमेश सोनी, सुभाष साहू, जयनारायण निषाद, बीना बैनर्जी, सुरेंद्र गुप्ता, उमेंद्र अहिरवार तथा उपयंत्री पवन श्रीवास्तव सहित स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।।