फतेहगंज पश्चिमी, बरेली। अवैध खनन के खिलाफ फतेहगंज पश्चिमी पुलिस ने शनिवार देर रात बड़ी कार्रवाई करते हुए खनन माफियाओं पर शिकंजा कस दिया। पुलिस टीम की सटीक सूचना और त्वरित कार्रवाई के चलते एक जेसीबी और दो ट्रैक्टर-ट्रॉली मौके से जब्त कर ली गईं, जबकि अंधेरे का फायदा उठाकर खनन माफिया मौके से फरार हो गए। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में खनन माफियाओं में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार थाना प्रभारी के अवकाश पर होने के दौरान कार्यभार संभाल रहे एसएसआई अशोक कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम को शनिवार देर रात मुखबिर से सूचना मिली कि गांव केशोपुर के जंगल में अवैध खनन किया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बिना देर किए मौके पर दबिश दी।
पुलिस को अचानक पहुंचता देख खनन माफिया अपने वाहन छोड़कर भाग निकले, लेकिन पुलिस ने मौके से एक जेसीबी और दो ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में लेकर थाने में खड़ा करा दिया। पुलिस की इस तत्परता और सख्ती से अवैध खनन में लिप्त लोगों के हौसले पस्त हो गए हैं।
एसएसआई अशोक कुमार ने बताया कि माफिया भट्टे की परमिशन का दुरुपयोग कर निर्धारित स्थान के बजाय अन्य खेतों से मिट्टी उठाकर पटान कर रहे थे, जो पूरी तरह अवैध है। मामले की गंभीरता को देखते हुए राजस्व विभाग की टीम और हल्का लेखपाल को भी सूचना दे दी गई है, ताकि संयुक्त रूप से आगे की विधिक कार्रवाई की जा सके।
पुलिस की इस प्रभावी कार्रवाई से साफ संदेश गया है कि क्षेत्र में अवैध खनन किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे माफियाओं के खिलाफ लगातार अभियान जारी रहेगा।
प्रवन पाण्डेय इंडियन टीवी न्यूज़ जिला संवाददाता बरेली