फतेहगंज पश्चिमी। रविवार सुबह राधा-कृष्ण मंदिर कट के पास हाईवे पर तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार दो लोग घायल हो गए। हादसे में बाइक चालक की हालत गंभीर बताई जा रही है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को एंबुलेंस से बरेली के अस्पताल भेज दिया।
जानकारी के अनुसार गांव रहपुरा जागीर निवासी अनिल बरेली के गिरधरपुर में रहकर चाट का ठेला लगाते हैं। रविवार सुबह वह अपने एक रिश्तेदार के साथ बाइक से गैस सिलेंडर लेकर गिरधरपुर जा रहे थे। जैसे ही वह राधा-कृष्ण मंदिर कट के पास हाईवे पर चढ़े, पीछे से रामपुर की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में अनिल गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि उनके साथ मौजूद रिश्तेदार को भी हल्की चोटें आईं। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों को तुरंत उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया, जहां अनिल की हालत नाजुक बनी हुई है।
वहीं, हादसे के बाद भाग रहे ट्रक चालक का पुलिस ने पीछा किया और झुमका तिराहे के पास ट्रक को पकड़कर थाने में खड़ा करा दिया। पुलिस मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई में जुटी है।
प्रवन पाण्डेय इंडियन टीवी न्यूज़ जिला संवाददाता बरेली