राजेन्द्र धाकड़ नर्मदापुरम।
कहार महासंघ राष्ट्रीय सामाजिक संगठन ने एक महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए समाजसेवी एवं युवा नेतृत्वकर्ता बसंत मांझी को संभागीय मीडिया प्रभारी के पद पर नियुक्त किया है। यह नियुक्ति प्रदेश सह मीडिया प्रभारी नीरज रैकवार द्वारा की गई, जिसमें संगठन ने उन पर संभाग स्तर पर मीडिया समन्वय एवं सूचना प्रसारण की अहम जिम्मेदारी सौंपी है।
बसंत मांझी लंबे समय से समाज सेवा एवं संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाते आ रहे हैं। वे पूर्व में कहार महासंघ के युवा जिला अध्यक्ष के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं, जहां उन्होंने समाज के युवाओं को संगठित करने, सामाजिक जागरूकता बढ़ाने तथा विभिन्न सामाजिक कार्यक्रमों के सफल आयोजन में उल्लेखनीय योगदान दिया। उनकी कार्यशैली, नेतृत्व क्षमता एवं समर्पण भावना को देखते हुए संगठन ने उन्हें यह नई और महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है।
संभागीय मीडिया प्रभारी के रूप में बसंत मांझी संगठन की गतिविधियों, योजनाओं, उपलब्धियों एवं सामाजिक सरोकारों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करेंगे। साथ ही वे समाज की आवाज को मीडिया के माध्यम से प्रभावी ढंग से प्रस्तुत कर संगठन को नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उनकी नियुक्ति से यह उम्मीद जताई जा रही है कि संगठन की पहुंच और प्रभाव क्षेत्र में और अधिक विस्तार होगा।
इस अवसर पर संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि बसंत मांझी का अनुभव और उनकी सक्रियता संगठन को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगी। उन्होंने हमेशा समाज हित को प्राथमिकता दी है और आगे भी वे अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी एवं समर्पण के साथ करेंगे।
बसंत मांझी की इस नियुक्ति पर समाज में हर्ष और उत्साह का माहौल है। सचिन केवट, करण कहार, उमेश कहार, आयुष कहार, संतोष कहार सहित महिला मंडल की जिला अध्यक्ष गायत्री मांझी एवं नगर अध्यक्ष संगीता कहार समेत अनेक सामाजिक सदस्यों ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। सभी ने विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में संगठन को नई दिशा और गति मिलेगी।
समाज के वरिष्ठजनों एवं युवाओं ने इसे पूरे समाज के लिए गर्व का क्षण बताते हुए कहा कि यह नियुक्ति न केवल बसंत मांझी के व्यक्तिगत योगदान का सम्मान है, बल्कि समाज के युवाओं के लिए भी प्रेरणा का स्रोत है। सभी ने एक स्वर में कहा कि बसंत मांझी के नेतृत्व में कहार महासंघ सामाजिक एकता, विकास और जागरूकता के क्षेत्र में निरंतर नई उपलब्धियां हासिल करेगा।