फतेहगंज पश्चिमी, बरेली। शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने और अधिक से अधिक बच्चों का नामांकन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मॉडल प्राइमरी स्कूल अगरास फर्स्ट में ‘स्कूल चलो अभियान’ के अंतर्गत जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली का नेतृत्व ग्राम प्रधान पुत्र कफील अहमद एवं प्रधानाध्यापक हिमांशु छावड़ा ने किया।
रैली में शामिल बच्चों ने हाथों में तिरंगा झंडा और रंग-बिरंगे गुब्बारे लेकर पूरे गांव में उत्साहपूर्वक भ्रमण किया। इस दौरान “सब पढ़ें–सब बढ़ें” और “हर बच्चा स्कूल जाए” जैसे प्रेरक नारों के माध्यम से ग्रामीणों को शिक्षा के महत्व के प्रति जागरूक किया गया।
शिक्षकों ने अभिभावकों से संवाद कर उन्हें सरकार द्वारा दी जा रही विभिन्न निःशुल्क सुविधाओं की जानकारी दी, जिनमें मुफ्त पाठ्यपुस्तकें, यूनिफॉर्म, मिड-डे मील, जूते-मोजे और स्मार्ट क्लास के माध्यम से आधुनिक शिक्षा शामिल हैं। अभिभावकों से अपने बच्चों को नियमित रूप से स्कूल भेजने और नए सत्र में उनका नामांकन कराने की अपील की गई।
प्रधानाध्यापक हिमांशु छावड़ा ने कहा कि शिक्षा ही बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कुंजी है और कोई भी बच्चा इससे वंचित न रहे, इसके लिए सभी को मिलकर प्रयास करना होगा।
कार्यक्रम में विद्यालय के समस्त शिक्षकगण, अभिभावक एवं ग्रामवासी मौजूद रहे। रैली ने गांव में शिक्षा के प्रति सकारात्मक माहौल बनाने का संदेश दिया।
प्रवन पाण्डेय इंडियन टीवी न्यूज़ जिला संवाददाता बरेली