दुद्धी सोनभद्र।(विवेक सिंह)
विंढमगंज थाना क्षेत्र के दुर्गम जंगल-पहाड़ी इलाके में मवेशियों को अवैध तरीके से ले जाने की गुप्त सूचना पर पुलिस ने सोमवार रात सफल कार्रवाई की। 19 मवेशियों को बरामद कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
थाना प्रभारी शिवकुमार सिंह के नेतृत्व में एसआई भानु प्रताप सिंह की टीम ने ग्राम पंचायत करहिया के धिचोरवा-बगरवा जंगल मार्ग पर घेराबंदी की। इस दौरान 18 बैल व एक बछिया को पीटते हुए ले जाते कुछ लोग पुलिस को देखकर भागे। घेराबंदी में महबूब अंसारी पुत्र एनुदिन अंसारी, बाल गोविंद गुप्ता पुत्र बेगु गुप्ता व नरेश राम पुत्र पंचूराम सभी बीरबल (झारखंड) निवासी पकड़े गए।
अंधेरे का फायदा उठाकर शकील अंसारी पुत्र लतीफ अंसारी (बीरबल, झारखंड) व रामदयाल यादव पुत्र बैजनाथ यादव (करमसार, ओबरा) फरार हो गए। गिरफ्तारों के विरुद्ध गोवध निवारण अधिनियम व पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर न्यायालय प्रेषित कर दिया गया। बरामद मवेशियों को ग्रामीणों को सौंपा गया है। पुलिस फरारों की तलाश में जुटी हुई है।