दुद्धी सोनभद्र ।(विवेक सिंह)
विकास खंड के हथवानी ग्राम स्थित कंपोजिट विद्यालय में वार्षिकोत्सव एवं प्रवेशोत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि अमर सिंह, प्रधानाचार्य राजकीय हाई स्कूल बहेराडोल द्वारा मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं पुष्पार्चन कर किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत छात्राओं द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वंदना से हुई, जिसके बाद अतिथियों के स्वागत में मनमोहक स्वागत गीत प्रस्तुत किया गया। छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत रंग-बिरंगे सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने उपस्थित सभी लोगों का मन मोह लिया और माहौल उत्साह से भर गया।
इस अवसर पर प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। मुख्य अतिथि अमर सिंह ने कक्षा 8 उत्तीर्ण छात्र-छात्राओं को निकटतम नव-संचालित विद्यालय राजकीय हाई स्कूल बहेराडोल में कक्षा 9 में प्रवेश लेने के लिए प्रेरित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम में नौशाद अहमद, प्रधानाध्यापक कंपोजिट विद्यालय डालपीपर ने अपने ज्ञानवर्धक उद्बोधन में सभी के उज्ज्वल भविष्य हेतु शुभाशीष प्रदान किया। इस दौरान संजय, दिनेश, शिवाजी, स्वाति झा, शेखर, फैयाज एवं साजिद की उपस्थिति उल्लेखनीय रही।
अंत में फैज अहमद, प्रधानाध्यापक कंपोजिट स्कूल हथवानी ने सभी अतिथियों एवं अभिभावकों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का सफल संचालन विदुषी शिक्षिका शहला परवीन द्वारा किया गया।