उरई(जालौन):
(अनिल कुमार ओझा/ITN news)
पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह के नेतृत्व में जनपद की साइबर थाना पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने गुम हुए कुल 160 मोबाइल फोन बरामद कर उनके असली मालिकों को सौंप दिए। बरामद मोबाइलों की कुल कीमत लगभग 24 लाख रुपये आंकी गई है। इस उपलब्धि से जहां मोबाइल स्वामियों के चेहरे पर खुशी लौटी, वहीं पुलिस की कार्यशैली की भी जमकर सराहना हो रही है। पुलिस लाइन सभागार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान एसपी विनय कुमार सिंह ने स्वयं मोबाइल स्वामियों को उनके फोन वितरित किए। इस दौरान उन्होंने कहा कि पुलिस लगातार तकनीकी सहायता और सर्विलांस के जरिए गुम और चोरी हुए मोबाइलों की बरामदगी के लिए अभियान चला रही है। इसी क्रम में यह सफलता हासिल हुई है। मोबाइल प्राप्त करने वाले लोगों ने जालौन पुलिस का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें उम्मीद नहीं थी कि उनके खोए हुए मोबाइल वापस मिल पाएंगे, लेकिन पुलिस की सक्रियता और मेहनत से यह संभव हो सका। कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि वे अपने मोबाइल को सुरक्षित रखें और किसी भी तरह की गुमशुदगी या चोरी होने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।