दुद्धी सोनभद्र।(विवेक सिंह)
तहसील क्षेत्र अंतर्गत के बीजपुर थाना क्षेत्र में बुधवार रात हुए सड़क हादसे में बभनी थाना क्षेत्र के सेंदूर गांव निवासी 28 वर्षीय अनिल कुमार की मौत हो गई। बभनी-बीजपुर मार्ग पर बकरीहवां गांव के पास अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिसके बाद चालक मौके से फरार हो गया।
जानकारी के मुताबिक, अनिल बुधवार को बीजपुर थाना के चेतवां गांव में पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने अपने परिवार के साथ गए थे। देर शाम पत्नी व बच्चों को सेंदूर छोड़कर वे माता-पिता को लेने चेतवां लौट रहे थे। इसी दौरान शिवम संकल्प इंटर कॉलेज के समीप पुलिया पर अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को ठोक दिया।
परिजनों के अनुसार अनिल जब देर तक घर नहीं लौटे तो वे उनकी तलाश में निकले । रास्ते में पुलिया के पास क्षतिग्रस्त बाइक व गंभीर रूप से घायल अनिल को देखा। उन्हें निजी वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बभनी ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया। रास्ते में हालत बिगड़ने पर म्योरपुर स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉ. पल्लवी सिन्हा ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतक बेंगलुरु में मजदूरी करते थे और दो माह पूर्व ही घर लौटे थे। उनके दो छोटे बच्चे हैं। मौत की खबर से परिजन शोक में डूब गए।उधर बीजपुर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा भरवाया और शव को पोस्टमार्टम के लिए दुद्धी भेज दिया।
बीजपुर थाना प्रभारी ने बताया कि अज्ञात वाहन चालक की तलाश जारी है तथा कानूनी कार्रवाई की जा रही है।