फतेहगंज पश्चिमी। नेशनल हाईवे स्थित झुमका चौराहे पर मंगलवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक से गिरने के बाद ट्रक के पहिए से कुचलकर 70 वर्षीय महिला की मौत हो गई, जबकि बाइक चला रहे उनके पति बाल-बाल बच गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार, गांव मढ़ौली निवासी रामभरोसे लाल साहू अपनी पत्नी चमेली देवी (70) के साथ बाइक से बरेली एक रिश्तेदार के यहां दावत में जा रहे थे। जैसे ही वे झुमका चौराहे पर बरेली की ओर मुड़ने लगे, तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही पीछे बैठी चमेली देवी सड़क पर गिर गईं और ट्रक के पहिए के नीचे आ गईं, जिससे उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
सूचना पर पहुंची स्थानीय थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने हादसे के संबंध में आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
मृतका अपने पीछे पति, तीन विवाहित बेटे-बेटियों समेत नाती-पोतों से भरा-पूरा परिवार छोड़ गई हैं। घटना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
प्रवन पाण्डेय इंडियन टीवी न्यूज़ जिला संवाददाता बरेली