राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी।।शहर की स्वच्छता व्यवस्था और जल निकासी तंत्र को बेहतर बनाने के उद्देश्य से महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी ने गुरुवार सुबह बस स्टैंड क्षेत्र का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ क्षेत्रीय पार्षद ओमप्रकाश बल्ली सोनी एवं नगर निगम के अधिकारी मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान महापौर ने नाले-नालियों की स्थिति का जायजा लिया, जहां अवरोध के कारण जल निकासी प्रभावित पाई गई। इस पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि नाले की मरम्मत समयबद्ध तरीके से कराई जाए और नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए, ताकि आम नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
महापौर ने बस स्टैंड परिसर की स्वच्छता व्यवस्था का भी निरीक्षण किया और स्वास्थ्य अमले को निर्देशित किया कि कचरा उठाव, नियमित सफाई एवं निगरानी व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जाए। उन्होंने कहा कि बस स्टैंड जैसे सार्वजनिक स्थलों पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोगों का आवागमन होता है, इसलिए यहां साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखना आवश्यक है।
इस दौरान महापौर ने स्थानीय नागरिकों से संवाद कर शहर को स्वच्छ बनाए रखने में सहयोग की अपील भी की। उन्होंने स्पष्ट किया कि नगर निगम क्षेत्र में स्वच्छता एवं मूलभूत सुविधाओं को लेकर लगातार कार्य किए जा रहे हैं और व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।