फतेहगंज पश्चिमी, बरेली।

मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में थाना फतेहगंज पश्चिमी पुलिस ने मंगलवार को तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 403 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की। पुलिस ने तीनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज कर न्यायालय में पेश किया।
पुलिस के मुताबिक, मुखबिर की सूचना पर रुकमपुर यात्री शेड सर्विस रोड के पास घेराबंदी कर हुसैनैन पुत्र रमन्न, निवासी मोहल्ला अंसारी वार्ड नंबर सात को पकड़ा गया। तलाशी में उसके पास से 56 ग्राम स्मैक मिली। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि कर्ज होने के कारण स्मैक बेचकर रुपये कमाने के लिए वह ग्राहकों का इंतजार कर रहा था। पुलिस के अनुसार उसके खिलाफ पहले भी एनडीपीएस एक्ट का मुकदमा दर्ज है।
वहीं, नखासा बाजार और रहपुरा अंडरपास के पास पुलिस ने शाबान अहमद पुत्र शकील अहमद निवासी नई बस्ती को 37 ग्राम और आसिफ उर्फ गब्बर पुत्र आशिक हुसैन निवासी मोहल्ला अंसारी वार्ड नंबर पांच को 310 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार पूछताछ में शाबान ने बताया कि वह स्मैक खरीदकर ग्राहकों को अधिक कीमत पर बेचता था। आसिफ भी स्मैक बेचने के लिए लेकर आया था। पुलिस के मुताबिक शाबान के खिलाफ पहले से एनडीपीएस एक्ट का मुकदमा दर्ज है, जबकि आसिफ के खिलाफ दो मुकदमे दर्ज हैं।
कार्रवाई थाना प्रभारी प्रवीण कुमार के निर्देशन में उपनिरीक्षक पंकज कुमार, उपनिरीक्षक आदेश कुमार समेत पुलिस टीम ने की।
प्रवन पाण्डेय
इंडियन टीवी न्यूज़
जिला संवाददाता बरेली