कैलाश आर्य मिडिया रिपोर्टर चिचोली
चिचोली, बैतूल (म.प्र.) – तहसील चिचोली के किसान नितेश (धीरज) आर्य ने ईंट भट्टे की राख से हो रहे नुकसान को लेकर तहसीलदार कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई है। किसान का आरोप है कि भट्टे से निकलने वाली राख उसके खेत और सार्वजनिक सड़क पर फेंकी जा रही है, जिससे फसल और आमजन दोनों को नुकसान हो रहा है।
क्या है मामला
भगतसिंह वार्ड क्रमांक 02, चिचोली निवासी नितेश आर्य ने बताया कि मेलघाट रोड पर उनका 3 एकड़ का खेत है। इस बार उन्होंने करीब डेढ़ लाख रुपये की लागत से भिण्डी की फसल लगाई है। खेत में अब फल लगने लगे हैं।
किसान का आरोप है कि खेत के बगल में राहुल पिता राजकुमार प्रजापति, मनोज पिता बस्तीराम प्रजापति, शिवम पिता राजेन्द्र प्रजापति और पिंकू पिता हरिनारायण प्रजापति द्वारा ईंट भट्टे का संचालन किया जा रहा है। भट्टे से निकलने वाली राख को सीधे खेत में और सड़क पर डाल दिया जाता है।
फसल और राहगीरों को नुकसान
नितेश ने आवेदन में लिखा कि राख जमने से भिण्डी की फसल खराब हो रही है और उत्पादन प्रभावित हो रहा है। वहीं, सड़क पर जगह-जगह राख डालने से धूल उड़ती है जिससे आने-जाने वालों को परेशानी होती है। ट्रैक्टर-वाहनों के तेज चलने और साइड की पटरी न भरने से दुर्घटना की आशंका भी बनी हुई है।
प्रशासन से कार्रवाई की मांग
पीड़ित किसान ने तहसीलदार, चिचोली को दिए आवेदन में उक्त लोगों के खिलाफ दण्डात्मक और अनुशासनात्मक कार्रवाई की मांग की है। आवेदन की प्रतिलिपि कलेक्टर बैतूल और थाना प्रभारी चिचोली को भी भेजी गई है।
दिनांक 17.3.26 को दिया गया यह आवेदन अब प्रशासन के पाले में है। किसान और क्षेत्रवासियों को कार्रवाई का इंतजार है।