फतेहगंज पश्चिमी, बरेली। रविवार को अगरास-शंखा रोड पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब तेज रफ्तार दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस की मदद से बरेली के अस्पताल भेजा, जहां एक युवक की हालत नाजुक बनी हुई है।
जानकारी के अनुसार थाना शीशगढ़ क्षेत्र के गांव मीरपुर निवासी रजत किसी कार्य से बाइक द्वारा बरेली जा रहे थे। वहीं थाना भोजीपुरा के कस्बा धौरा निवासी कलीम हुसैन अपने एक साथी के साथ बरेली से लौटकर शाही की ओर जा रहे थे। अगरास-शंखा रोड स्थित एक इंजीनियरिंग कॉलेज के सामने दोनों बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइकों पर सवार तीनों लोग सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने तत्काल एंबुलेंस बुलाकर घायलों को अस्पताल भिजवाया।
चिकित्सकों के अनुसार घायल रजत की हालत नाजुक बताई जा रही है, जबकि अन्य दोनों घायलों की स्थिति खतरे से बाहर है। बताया गया है कि दोनों बाइक चालक हेलमेट पहने हुए थे, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट नहीं आई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
प्रवन पाण्डेय इंडियन टीवी न्यूज़ जिला संवाददाता बरेली