राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी। शहर सहित जिले के आसपास के क्षेत्रों में मंदिरों को निशाना बनाकर चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले गिरोह का कोतवाली पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने गिरोह के तीन आरोपियों और एक विधि उल्लंघनकारी बालक को पकड़ते हुए लाखों रुपए के आभूषण बरामद किए हैं। चोरी का माल खरीदने वाले सराफा कारोबारी को भी गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
मामले की शुरुआत 9 अप्रैल 2026 को हुई, जब हीरागंज स्थित दक्षिण मुखी काली मंदिर के पुजारी मयंक दुबे ने थाना कोतवाली में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि सुबह पूजा के बाद कुछ देर के लिए मंदिर से बाहर गए थे, लौटने पर माता का चांदी का मुकुट, झुमका और सोने की नथ गायब मिले।
घटना की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक राखी पाण्डेय ने तत्काल टीम गठित कर जांच शुरू की। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें दो संदिग्ध युवक मोटरसाइकिल से भागते नजर आए। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर सूचना के आधार पर 10 अप्रैल को प्रेमनगर क्षेत्र से एक संदिग्ध को पकड़ा गया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम प्रकाश दुबे उर्फ अभिषेक दुबे (20) निवासी कटनी बताया और अपने सौतेले भाई व साथियों के साथ मिलकर चोरी की वारदातें करना कबूल किया। आरोपी ने खुलासा किया कि उसने कटनी और उमरिया जिले के पांच मंदिरों में चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया है।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर उमरिया निवासी राहुल उर्फ लालू सोनी (38) को गिरफ्तार किया, जो चोरी का माल खरीदता था। उसके कब्जे से सोने की नथ बरामद की गई। इसके अलावा आरोपी के पिता कृष्ण कुमार दुबे और एक नाबालिग को भी हिरासत में लिया गया।
जांच में सामने आया कि गिरोह ने उमरिया जिले के मानपुर, ददरी और कटनी जिले के पड़रिया व पिपरौध सहित कुल 5 मंदिरों में चोरी की वारदातें की थीं। आरोपियों के पास से सोने-चांदी के कई आभूषण और नगदी बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी प्रकाश दुबे के खिलाफ पहले से ही मंदिर चोरी के 7 मामले दर्ज हैं। वह चोरी के लिए अपने पिता की मोटरसाइकिल का इस्तेमाल करता था और बदले में उसे पैसे देता था।
पूरे मामले में पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. संतोष डेहरिया और नगर पुलिस अधीक्षक नेहा पच्चीसिया के मार्गदर्शन में कोतवाली पुलिस, साइबर सेल और उमरिया पुलिस की संयुक्त टीम ने अहम भूमिका निभाई।
पुलिस द्वारा आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।