राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी। डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती के अवसर पर मंगलवार को कटनी में अजाक्स संघ एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों के संयुक्त तत्वावधान में भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम के तहत विशाल रैली, जनजागरूकता यात्रा और मंचीय कार्यक्रम आयोजित कर बाबा साहब के विचारों को जन-जन तक पहुंचाया गया।
मध्य प्रदेश अजाक्स संघ जिला शाखा कटनी के जिला महासचिव पूर्णेश उइके द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, रैली दोपहर 1 बजे मुख्य रेलवे स्टेशन कटनी से प्रारंभ हुई। रैली सुभाष चौक, झंडा बाजार, आजाद चौक और मिशन चौक होते हुए माधवनगर गेट स्थित हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी मैदान पहुंची। इस दौरान “जय भीम”, “जय संविधान” और “बाबा साहब अमर रहें” जैसे नारों से पूरा शहर गूंज उठा।
कार्यक्रम के मंचीय सत्र में संभागीय संयुक्त सचिव अरविंद सिंह पेंड्रो मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष अरविंद सिंह धुर्वे ने की। विशिष्ट अतिथियों में क्रांति कुंवर सिंह, मृत्युंजय सिंह, तोडर सिंह, ओमप्रकाश सकतेल, मनोज कोरी, विजय पटेल, अजय गोटियां, अरविंद टेकाम, चंद्रभान बौद्ध, राहुल भैया, मनीषा धुर्वे और एडवोकेट जे.पी. चौधरी शामिल रहे।
वक्ताओं ने अपने संबोधन में बाबा साहब के संविधान निर्माण, सामाजिक समानता, शिक्षा, न्याय, नारी सशक्तिकरण और विश्व बंधुत्व के विचारों पर प्रकाश डाला। उन्होंने समाज में एकता और भाईचारे का संदेश देते हुए उनके आदर्शों को अपनाने का आह्वान किया।
इस आयोजन में अजाक्स संघ के साथ गोंडवाना सामाजिक उत्थान समिति, कोल ट्राइबल फाउंडेशन, अखिल भारतीय सफाई कर्मचारी संघ, जयस, भारतीय युवा शक्ति संगठन, कोयतूर गोंड महासभा, भीम आर्मी और ओबीसी महासभा सहित कई संगठनों के पदाधिकारी और सदस्य बड़ी संख्या में शामिल हुए।
कार्यक्रम का सफल संचालन अजाक्स संघ के तहसील अध्यक्ष अमित कुंडे ने किया। आयोजन में विभिन्न समाजों के सैकड़ों लोगों की सहभागिता देखने को मिली, जिससे पूरा वातावरण सामाजिक समरसता और जागरूकता से परिपूर्ण नजर आया।