राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) कटनी की नवगठित कार्यकारिणी (2026-28) का शपथ ग्रहण समारोह शहर के एक निजी होटल में गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कलेक्टर आशीष तिवारी तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा उपस्थित रहे।
समारोह में आईएमए के राज्य अध्यक्ष डॉ. बी.एम. शरणागत, राज्य सचिव डॉ. दीपक साहू, राज्य सह सचिव डॉ. बरकड़े सहित डॉ. अरविंद जैन, डॉ. आर.के. पाठक और पूर्व राज्य अध्यक्ष डॉ. वाय. सुब्बाराव की उपस्थिति ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।
अपने संबोधन में कलेक्टर आशीष तिवारी ने चिकित्सकों की गरिमा और नैतिकता को सर्वोपरि बताते हुए आईएमए के जनहितैषी कार्यों की सराहना की और भविष्य में भी समाजसेवा में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। वहीं एसपी अभिनय विश्वकर्मा ने पुलिस और चिकित्सा क्षेत्र के बीच बेहतर समन्वय तथा आधुनिक तकनीकों के उपयोग पर जोर देते हुए अपराध नियंत्रण और स्वास्थ्य सेवाओं को और प्रभावी बनाने की बात कही।
निवर्तमान अध्यक्ष डॉ. हरीश बजाज ने अपने कार्यकाल की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए वर्ष 2023 में आयोजित राज्य स्तरीय सम्मेलन और घट खिरवा में निर्मित आईएमए हॉल को महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया तथा सभी साथियों का आभार व्यक्त किया।
शपथ अधिकारी डॉ. अरविंद जैन ने नव निर्वाचित अध्यक्ष डॉ. सुनीता वर्मा सहित उपाध्यक्ष डॉ. उमा निगम एवं डॉ. कमल नयन लहरिया, सचिव डॉ. प्रसंग बजाज, सह सचिव डॉ. नेहा शर्मा एवं डॉ. आर्यन तिवारी, कोषाध्यक्ष डॉ. सुषमा गट्टानी, सह कोषाध्यक्ष डॉ. निधि बजाज सहित समस्त कार्यकारिणी सदस्यों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
नव निर्वाचित अध्यक्ष डॉ. सुनीता वर्मा ने अपने उद्बोधन में सभी वरिष्ठों और साथियों का आभार व्यक्त करते हुए आगामी कार्ययोजना साझा की, जिसमें वैज्ञानिक शोध, चिकित्सा संगोष्ठियों एवं सामाजिक सरोकार से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देने की बात कही।
कार्यक्रम के अंत में सचिव डॉ. प्रसंग बजाज ने आभार प्रदर्शन किया। इस अवसर पर आईएमए कटनी के संरक्षक एवं वरिष्ठ सदस्यगण सहित बड़ी संख्या में चिकित्सक उपस्थित रहे।