राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी। मध्य प्रदेश शासन एवं पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार जिले में ऐसे संवेदनशील स्थलों का चिन्हांकन किया गया है, जहाँ पूर्व में एससी/एसटी से संबंधित अपराधों की अधिक घटनाएँ सामने आई थीं। इन्हीं चिन्हित क्षेत्रों में अब कटनी पुलिस द्वारा सर्व समाज की सहभागिता से जनचेतना शिविर आयोजित कर सामाजिक समरसता को मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है।
इसी क्रम में आज चौकी बिलहरी क्षेत्र में जनचेतना शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में पुलिस अधिकारियों ने क्षेत्र की पूर्व एवं वर्तमान स्थिति का जायजा लिया तथा स्थानीय नागरिकों से संवाद कर आवश्यक जानकारियाँ प्राप्त कीं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उप पुलिस अधीक्षक (अजाक) सुश्री शिवा पाठक ने नागरिकों से आपसी मतभेद भुलाकर सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी भी जाति या वर्ग के प्रति आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग न करें और सकारात्मक व्यवहार के माध्यम से समाज में एकता को बढ़ावा दें।
पुलिस अधिकारियों ने अभिभावकों से अपने बच्चों को शिक्षा के प्रति प्रेरित करने और उन्हें सही दिशा देने का भी आग्रह किया। साथ ही शिविर में अनुसूचित जाति एवं जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम के प्रावधानों, पीड़ितों को मिलने वाली राहत राशि एवं कानूनी अधिकारों की विस्तृत जानकारी दी गई।
कटनी पुलिस द्वारा इस प्रकार के जनचेतना शिविरों के माध्यम से समाज में आपसी विश्वास, सहयोग एवं शांति व्यवस्था को सुदृढ़ करने के निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।