फतेहगंज पश्चिमी। हाइवे स्थित झुमका तिराहे पर गुरुवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में मोपेड सवार बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया और मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना सीबी गंज क्षेत्र के गांव ठिरिया ठाकुरान निवासी करीब 60 वर्षीय चंद्रपाल ठाकुर गुरुवार शाम फतेहगंज कस्बे से मोपेड द्वारा अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही वह झुमका तिराहे को पार कर रहे थे, तभी तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि चंद्रपाल ठाकुर ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया है और चालक के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक की गति अत्यधिक तेज थी, जिससे चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और यह हादसा हो गया। स्थानीय लोगों ने झुमका तिराहे पर लगातार बढ़ रहे सड़क हादसों को लेकर गहरी चिंता जताई है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि इस क्षेत्र में स्पीड कंट्रोल के ठोस उपाय किए जाएं और यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।
हादसे के बाद मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
प्रवन पाण्डेय इंडियन टीवी न्यूज़ जिला संवाददाता बरेली