राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी। जिले में लगातार बढ़ते तापमान और भीषण गर्मी को देखते हुए जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। कलेक्टर आशीष तिवारी ने विद्यार्थियों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए सभी स्कूलों के संचालन समय में परिवर्तन के आदेश जारी किए हैं।
जारी आदेश के अनुसार जिले के सभी शासकीय, अशासकीय, अनुदान प्राप्त एवं सीबीएसई स्कूलों में नर्सरी से कक्षा 12वीं तक की कक्षाएं अब सुबह 7:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक संचालित होंगी। यह व्यवस्था तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई है और 30 अप्रैल तक प्रभावी रहेगी।
हालांकि, शिक्षकों और स्टाफ को पूर्ववत समय अनुसार विद्यालय में उपस्थित रहना होगा, ताकि प्रशासनिक एवं शैक्षणिक कार्य सुचारू रूप से चलते रहें।
वहीं परीक्षाएं निर्धारित समय-सारणी के अनुसार ही आयोजित की जाएंगी और मूल्यांकन कार्य में भी कोई बदलाव नहीं किया गया है।
प्रशासन ने सभी स्कूल संचालकों को निर्देश दिए हैं कि आदेश का सख्ती से पालन सुनिश्चित करें, ताकि भीषण गर्मी के बीच विद्यार्थियों को राहत मिल सके और उनकी पढ़ाई भी प्रभावित न हो।