ब्यूरो चीफ मनोज भट्ट जिला बस्तर छत्तीसगढ़
जगदलपुर|कमिश्नर बस्तर श्री डोमन सिंह द्वारा शुक्रवार को कांकेर जिले के चारामा विकासखण्ड अंतर्गत ग्राम रतेसरा के सड़क पारा और सराधुनवागांव में मुख्यमंत्री स्वस्थ्य बस्तर अभियान के अंतर्गत किए जा रहे स्वास्थ्य परीक्षण का औचक निरीक्षण किया गया तथा ग्रामीणों से चर्चा कर स्वास्थ्य परीक्षण के संबंध में जानकारी ली गई।गौरतलब है कि बस्तर संभाग के सभी जिलों में मुख्यमंत्री स्वस्थ्य बस्तर अभियान चलाया जा रहा है, जिसके तहत परिवार के सभी सदस्यों का स्वास्थ्य परीक्षण (स्क्रीनिंग) किया जा रहा है, इसके लिए स्वास्थ्य विभाग की टीम घर-घर पहुंचकर परिवार के प्रत्येक सदस्यों का स्क्रीनिंग कर टीबी, मलेरिया, कुष्ठ रोग, फाइलेरिया, मधुमेह, शुगर, मुख कैंसर एवं मोतियाबिंद, एनीमिया इत्यादि के स्क्रीनिंग के अलावा मौसमी बीमारियों का मौके पर उपचार के साथ ही गर्भवती माताओं की पहचान भी की जा रही है। मरीजों को मौके पर ही दवाई दिए जा रहे हैं और जोखिम की स्थिति पाए जाने पर बेहतर जांच व उपचार के लिए हायर सेंटरों को रिफर किया जा रहा है।
कमिश्नर डोमन सिंह के आकस्मिक निरीक्षण के दौरान ग्राम रतेसरा में स्वास्थ्य कार्यकर्ता गणराज गावड़े, प्रीति पोयाम व अंकिता जुर्री के द्वारा लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया जा रहा था, मितानिन भी उनका सहयोग कर रही थी। कमिश्नर द्वारा पूछे जाने पर उन्होंने बताया कि प्रातः 09 बजे से स्वास्थ्य परीक्षण का कार्य शुरू किया जाता है। कमिश्नर ने मितानिन पेटी का भी अवलोकन किया तथा दवाईयों की उपलब्धता की जानकारी ली। कमिश्नर डोमन सिंह के निरीक्षण के दौरान ग्राम सराधुनवागांव में स्वास्थ्य कार्यकर्ता कौशल जुर्री, देवेन्द्र साहू व सोनिया शांडिल्य के टीम द्वारा ग्रामीण हेमंत नेताम के घर के बरामदे में लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया जा रहा था। कमिश्नर ने यहां लोगों से बातचीत कर स्वास्थ्य परीक्षण के संबंध में जानकारी ली तथा मौके पर उपस्थित मितानिन से भी दवाईयों के उपलब्धता के संबंध में पूछताछ किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि ग्राम पंचायत सचिव, रोजगार सहायक व कोटवार स्वास्थ्य परीक्षण टीम का सहयोग करें। इसके अलावा स्वास्थ्य परीक्षण के लिए तय किए गए दिन के दो दिवस पहले संबंधित गांव में कोटवार के माध्यम से मुनादी कराई जाए। निरीक्षण के दौरान कमिश्नर सिंह द्वारा राजस्व पखवाड़ा के संबंध में भी ग्रामीणों से जानकारी ली गई। इस दौरान मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आरसी ठाकुर, एसडीएम चारामा नरेन्द्र बंजारा सहित संबंधित बीएमओ, तहसीलदार भी उपस्थित थे।