राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी। नगर पालिक निगम कटनी द्वारा स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत शहरवासियों के स्वास्थ्य, मनोरंजन एवं स्वच्छता जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से रविवार, 19 अप्रैल को “राहगीरी डे” का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम प्रातः 7:00 बजे से 8:30 बजे तक सुभाष चौक से रेलवे स्टेशन रोड मार्ग पर आयोजित होगा।
कार्यक्रम के दौरान शहर का यह प्रमुख मार्ग आम वाहनों के लिए आंशिक रूप से बंद रहेगा और नागरिकों के लिए खुला रहेगा, जहां वे खुलकर विभिन्न गतिविधियों में भाग ले सकेंगे।
विविध गतिविधियों से होगा भरपूर आयोजन
राहगीरी डे के अंतर्गत योग, जुंबा, घुड़सवारी, स्केटिंग, म्यूजिकल चेयर, गिटार वादन, ड्राइंग-पेंटिंग प्रतियोगिता, रंगोली, शतरंज, कैरम, सांप-सीढ़ी, रस्सी कूद, झोला रन, चम्मच-नींबू दौड़, लंगड़ी जैसे पारंपरिक व आधुनिक खेलों का आयोजन किया जाएगा। इसके साथ ही सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और जनजागरूकता से जुड़े कार्यक्रम भी आकर्षण का केंद्र रहेंगे।
स्वच्छता और पर्यावरण का संदेश
कार्यक्रम में स्रोत पृथक्करण, प्लास्टिक प्रतिबंध, जल संरक्षण एवं स्वच्छता से जुड़े संदेशों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा। साथ ही स्वच्छता मित्रों एवं उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को सम्मानित भी किया जाएगा।
जनभागीदारी पर रहेगा जोर
इस आयोजन में जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों, विद्यार्थियों, युवाओं, महिलाओं, मीडिया एवं सामाजिक संगठनों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के प्रयास किए गए हैं।
नागरिकों से अपील
निगम प्रशासन ने सभी नगरवासियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में “राहगीरी डे” में शामिल होकर स्वच्छ, स्वस्थ और जागरूक शहर के निर्माण में अपनी भागीदारी निभाएं।