राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से पुलिस कंट्रोल रूम में पुलिस अधीक्षक द्वारा अपराध समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के समस्त थाना प्रभारियों एवं संबंधित अधिकारियों की उपस्थिति रही।
बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक अभिनव विश्वकर्मा ने जिले में घटित अपराधों की बारीकी से समीक्षा करते हुए अपराध नियंत्रण के लिए प्रभावी रणनीति अपनाने के निर्देश दिए। साथ ही लंबित प्रकरणों के त्वरित निराकरण पर विशेष जोर देते हुए कहा कि पुराने मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाया जाए।
महिला अपराधों के मामलों में संवेदनशीलता और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। पुलिस अधीक्षक विश्वकर्मा ने स्पष्ट किया कि ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इसके अलावा CM हेल्पलाइन में प्राप्त शिकायतों के शीघ्र और संतोषजनक निराकरण के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया गया। बैठक में ऑपरेशन मुस्कान एवं ऑपरेशन शिकंजा की प्रगति की भी समीक्षा की गई और इन अभियानों को और अधिक प्रभावी बनाने पर बल दिया गया।
पुलिस अधीक्षक अभिनव विश्वकर्मा ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि आम जनता के साथ बेहतर संवाद स्थापित करें और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सक्रिय भूमिका निभाएं।