बारीपदा, 30 सितंबर (पीएनएस): पर्व त्योहारों को देखते हुए अपराधियों एवं असामाजिक तत्वों के खिलाफ पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष प्रवर्तन अभियान ‘दामन’ के तहत बहलदा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने डकैती की योजना बना रहे दो अंतरराज्यीय अपराधियों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से दो कार, 1,85,700 रुपये नकद, जिंदा गोली, तलवार सहित विभिन्न आपराधिक सामग्री बरामद की गई है।
बहलदा थाना परिसर में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में रायरंगपुर पुलिस जिला के पुलिस अधीक्षक सुरेश चंद्र पात्र ने मामले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मंगलवार शाम करीब 7 बजे बहलदा थाना क्षेत्र के बासिंगी-खुजिरितांडी चौक के पास पांच संदिग्ध व्यक्तियों के दो कारों में सवार होकर हथियार एवं अन्य आपराधिक सामग्री के साथ डकैती की योजना बनाने की सूचना पुलिस को मिली थी।सूचना के आधार पर बहलदा थाना प्रभारी भास्कर प्रधान के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर नाकाबंदी कर छापेमारी की। पुलिस को देखते ही तीन आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए, जबकि दो आरोपियों को पुलिस ने पकड़ लिया।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र के तपछक गांव निवासी स्वर्गीय हारुन रशीद के पुत्र फरहान रशीद (24) तथा जमशेदपुर के मानगो थाना क्षेत्र के हुसैन महला, जाकिर नगर निवासी मोहम्मद अकबर के पुत्र मोहम्मद हैदर (32) के रूप में हुई है।पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1,85,700 रुपये नकद, हुंडई वर्ना कार (जेएच-01-सीडब्ल्यू-5047), टोयोटा फॉर्च्यूनर (जेएच-05-एएम-1515), दो पैकेट मिर्च पाउडर, दो मोबाइल फोन, करीब 10 फीट रस्सी, 8 एमएम की जिंदा गोली और लोहे की तलवार बरामद की है।इस संबंध में बहलदा थाने में केस नंबर 174/26 दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ झारखंड के विभिन्न थानों में पशु तस्करी सहित कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।फरार तीन अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस द्वारा छापेमारी एवं जांच जारी है। प्रेस कॉन्फ्रेंस में अतिरिक्त जिला पुलिस अधीक्षक यदुनाथ जेना, बहलदा थाना प्रभारी भास्कर प्रधान सहित पुलिसकर्मी एवं विभिन्न मीडिया संस्थानों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।
मयूरभंज से हिमांशु शेखर प्रहतराज।