राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी|राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस के अवसर पर 24 अप्रैल को जिलेभर में जिला, जनपद एवं ग्राम पंचायत स्तर पर गरिमामय कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के निर्देशों के तहत इन आयोजनों की तैयारियां तेज कर दी गई हैं।
जिला पंचायत सीईओ सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर ने सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों सहित संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करते हुए आयोजन को सफल एवं व्यवस्थित बनाने पर जोर दिया है। उन्होंने कहा कि यह दिवस लोकतांत्रिक विकेंद्रीकरण और सहभागी शासन की भावना को मजबूत करने का महत्वपूर्ण अवसर है, जो पंचायती राज संस्थाओं की उपलब्धियों और संभावनाओं को रेखांकित करता है।
सम्मान और जागरूकता पर रहेगा फोकस
जिला एवं जनपद स्तर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाली पंचायतों को सम्मानित किया जाएगा। साथ ही पंचायतों के अधिकार एवं दायित्वों को लेकर जनजागरूकता गतिविधियां आयोजित होंगी। स्व-स्रोतों से राजस्व बढ़ाने की रणनीतियों, पंचायत उन्नति सूचकांक (पीएआई) और डेटा आधारित निर्णय प्रणाली पर भी विचार-विमर्श किया जाएगा।
महिला नेतृत्व और सहभागिता पर विशेष चर्चा
कार्यक्रमों में महिला नेतृत्व को सशक्त बनाने, प्रॉक्सी नेतृत्व की समस्या के समाधान तथा निर्णय प्रक्रिया में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर संवाद होगा।
ग्राम सभाओं के आयोजन के निर्देश
ग्राम पंचायत स्तर पर ग्राम सभाएं व्यापक प्रचार-प्रसार और पूर्व सूचना के साथ आयोजित की जाएंगी। इन बैठकों में विभिन्न विभागों के कर्मचारियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही सामुदायिक सहभागिता, जनजागरूकता, सतत विकास लक्ष्यों के स्थानीयकरण एवं पंचायतों की आय बढ़ाने के उपायों पर चर्चा होगी।
जिला पंचायत सीईओ ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे आयोजन को जनभागीदारी के साथ सफल बनाएं और ग्रामीण विकास की दिशा में ठोस पहल सुनिश्चित करें।