फतेहगंज पश्चिमी, बरेली। विकास के दावों के बीच गांव टिटौली की हकीकत कुछ और ही बयां कर रही है। यहां पटे पड़े तालाब और गंदगी से लबालब नालियां ग्रामीणों के लिए मुसीबत का सबब बन गई हैं। हालात से तंग आकर भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) के कार्यकर्ताओं ने प्रशासन के खिलाफ आवाज बुलंद करते हुए एसडीएम मीरगंज को शिकायती पत्र सौंपा।
भाकियू कार्यकर्ता दिनेश, देशपाल, खूबकरन, ओमपाल, नन्हे, रामप्रकाश समेत अन्य ग्रामीणों ने बताया कि गांव के बाहर और आबादी के भीतर स्थित दोनों तालाब पूरी तरह मिट्टी से भर चुके हैं। नतीजतन, बरसात के दौरान पानी की निकासी नहीं हो पाती और जलभराव सीधे लोगों के घरों तक पहुंच जाता है।
ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि गांव में सफाई व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त है। नालियां गंदगी से अटी पड़ी हैं, जिससे दुर्गंध फैल रही है और संक्रामक बीमारियों का खतरा लगातार बढ़ रहा है। कई बार शिकायत के बावजूद समस्या जस की तस बनी हुई है, जिससे लोगों में रोष व्याप्त है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम मीरगंज ने खंड विकास अधिकारी फतेहगंज पश्चिमी को तत्काल सफाई व्यवस्था सुधारने और तालाबों की खुदाई कर जल निकासी सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। ग्रामीणों को अब प्रशासनिक कार्रवाई का इंतजार है, ताकि उन्हें इस समस्या से राहत मिल सके।
प्रवन पाण्डेय इंडियन टीवी न्यूज़ जिला संवाददाता बरेली